नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को “स्कीम फॉर एन्हांसमेंट ऑफ कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट (सीआईई) मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम” को मंजूरी दे दी। 11,000 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रावधान वाली इस योजना का उद्देश्य भारत में निर्माण और अवसंरचना उपकरणों के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देना तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती प्रदान करना है।
योजना का उद्देश्य और क्रियान्वयन
केंद्रीय मंत्रिमंडल के एक बयान के अनुसार, इस योजना को भारी उद्योग मंत्रालय (एमएचआई) द्वारा लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य निर्माण एवं अवसंरचना उपकरणों (कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्यूपमेंट-सीआईई) और उनके कंपोनेंट्स के घरेलू उत्पादन को प्रोत्साहित करना तथा देश में एक समर्पित परीक्षण सुविधा स्थापित करना है। इससे भारत की आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और वैश्विक सीआईई बाजार में उसकी स्थिति मजबूत होगी।
यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से आठ वर्षों के लिए लागू होगी, जिसमें पहले दो वर्ष (2026-27 से 2027-28) विनिर्माण इकाइयों की स्थापना के लिए होंगे। इसके बाद पांच वर्षों (2028-29 से 2032-33) तक प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी। अंतिम वर्ष 2033-34 में 2032-33 की अतिरिक्त बिक्री के आधार पर प्रोत्साहनों का निपटान किया जाएगा।
दो प्रमुख घटक: एसएलआई और परीक्षण केंद्र
बयान में कहा गया कि योजना के दो प्रमुख घटक हैं। पहले घटक के तहत पात्र निर्माण उपकरण निर्माताओं और कंपोनेंट निर्माताओं को अतिरिक्त बिक्री के आधार पर सेल्स-लिंक्ड इंसेंटिव (एसएलआई) प्रदान किया जाएगा। वहीं प्रोत्साहन दरें पांच वर्ष की अवधि में 13 प्रतिशत से 8 प्रतिशत तक होंगी।
दूसरे घटक के तहत देश में अत्याधुनिक सीआईई परीक्षण केंद्र स्थापित करने के लिए 375 करोड़ रुपए तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह सहायता वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी।
किन उपकरणों को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का कहना है कि सड़क, बंदरगाह, आवास और अन्य अवसंरचना परियोजनाओं में तेजी के कारण निर्माण उपकरणों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह योजना शिप-टू-शोर क्रेन, टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम), हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर, ऑफ-हाईवे ट्रक और अन्य उन्नत तकनीक-आधारित उपकरणों के उत्पादन को प्रोत्साहित करेगी।
योजना के तहत देश में विश्वस्तरीय परीक्षण एवं प्रमाणन अवसंरचना विकसित करने का भी प्रावधान है, जिससे घरेलू निर्माताओं को वैश्विक गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरने में मदद मिलेगी।
बाजार की स्थिति और अनुमान
वर्तमान में भारत का निर्माण एवं अवसंरचना उपकरण उद्योग दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा बाजार है। इस क्षेत्र में केवल चीन और अमेरिका भारत से आगे हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में इस उद्योग का आकार लगभग 97,500 करोड़ रुपए रहा।
उद्योग अनुमानों के अनुसार, इंफ्रास्ट्रक्चर (सड़क, बंदरगाह) और आवास क्षेत्र में तेज निवेश के चलते यह बाजार अगले कुछ वर्षों में दोगुना से अधिक बढ़ सकता है और वित्त वर्ष 2029-30 तक लगभग 2,28,100 करोड़ रुपए के स्तर पर पहुंच सकता है।
