वडोदरा, 28 दिसंबर (आईएएनएस)। भारत की महिला अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड अंडर-19 टीम के खिलाफ शनिवार को बीसीए स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले को 106 रन से अपने नाम किया। इस मुकाबले में दीया यादव (87) और अक्साह परमार (81) ने अपनी चमक बिखेरी। जीत के साथ भारतीय टीम ने 5 मुकाबलों की अनौपचारिक टी20 सीरीज में 2-0 से बढ़त बना ली है।

भारत की पारी: 20 ओवर में 230/6

वडोदरा में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 230 रन बनाए। दीया यादव ने ईश्वरी अवसरे के साथ पहले विकेट के लिए 26 गेंदों में 40 रन की साझेदारी की। इसके बाद दीया ने ईरा जाधव के साथ दूसरे विकेट के लिए 19 गेंदों में 27 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 67 के स्कोर तक पहुंचाया। 8वें ओवर की तीसरी गेंद पर ईरा (10) आउट हुईं, जिसके बाद अगली बॉल पर कप्तान भाविका अहीरे (0) ने भी अपना विकेट खो दिया।

भारतीय खेमे को 67 के स्कोर तक 3 झटके लग गए थे। यहां से अक्साह परमार ने मोर्चा संभाला, जिन्होंने दीया यादव के साथ तीसरे विकेट के लिए 51 गेंदों में 104 रन जोड़े। दीया 49 गेंदों में 4 छक्कों और 12 चौकों की मदद से 87 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।

इसके बाद अक्साह ने उमा काश्वी (15) के साथ पांचवें विकेट के लिए 16 गेंदों में 45 रन जोड़कर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। अक्साह 41 गेंदों में 6 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 81 रन बनाकर आउट हुईं। विपक्षी खेमे से मारिया एंड्रयूज और सृष्टि पाटिल को 2-2 विकेट हाथ लगे, जबकि ब्रायोनी गिलग्रास ने 1 विकेट चटकाया।

इंग्लैंड की पारी: 15.3 ओवर में 124 रन पर ऑल आउट

इसके जवाब में इंग्लैंड की अंडर-19 टीम 15.3 ओवरों में महज 124 रन पर सिमट गई। ब्रायोनी गिलग्रास ने फेथ टीकासिंह के साथ पहले विकेट के लिए 24 रन जुटाए। ब्रायोनी 7 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद टीम ने सृष्टि पाटिल (0) का विकेट भी गंवा दिया।

इंग्लिश टीम को 29 के स्कोर तक 2 झटके लग गए थे, जिसके बाद फेथ टीकासिंह ने मोर्चा संभाला। उन्होंने एवा क्लाइव (14) के साथ तीसरे विकेट के लिए 40 रन, जबकि फ्लोरा डेविस (14) के साथ चौथे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 98 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन फेथ के आउट होने के बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। इस बीच टीम ने 15वें ओवर में तीन विकेट गंवाए। फेथ ने 40 गेंदों में 3 छक्कों और 7 चौकों के साथ 58 रन जुटाए, लेकिन टीम को शर्मनाक हार से बचा नहीं सकीं।

भारतीय गेंदबाज

भारतीय खेमे से पूर्वा सिवाच और उमा काश्वी ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि अनादि तागड़े और निधि महतो ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।